चंडीगढ़ । चंडीगढ़ पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पांच जोड़ी चांदी की पाजेब और विभिन्न देशों व भारतीय मुद्रा के 29 पुराने-नये सिक्के बरामद किए गए हैं।
ताला तोड़कर साफ किया था हाथ
पुलिस के अनुसार, यह मामला सेक्टर-41सी निवासी ज्योति शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 अप्रैल को वह और उनके पति काम पर गए थे। शाम करीब 6 बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा था और चांदी की पाजेब व पुराने सिक्कों का कलेक्शन गायब था।
सेक्टर-52 का रहने वाला है आरोपी
एसएसपी कंवरदीप कौर के दिशा-निर्देशों और एसपी सिटी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी (SHO) राजीव कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मिंटू (38) निवासी सेक्टर-52 को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है ताकि उससे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है।