चंडीगढ़, शहर के कालीबाड़ी मंदिर में सोमवार को ठाकुर श्री रामकृष्ण देव की प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिक उत्सव और मंदिर का 57वां स्थापना दिवस पूरी श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। इस गरिमामय समारोह में हरियाणा के राज्यपाल डॉ. आशिम कुमार घोष अपनी पत्नी मित्रा घोष के साथ विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। समारोह का एक प्रमुख आकर्षण पुस्तक का विमोचन रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।
इस अवसर पर राज्यपाल डॉ. आशिम कुमार घोष ने अपने प्रेरक संबोधन से उपस्थित श्रद्धालुओं और कालीबाड़ी परिवार का उत्साहवर्धन किया। मंदिर प्रशासन के अनुसार, 57वें स्थापना वर्ष में प्रवेश करना संस्था की गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है और यह आयोजन सभी श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद का क्षण रहा।