चंडीगढ़, चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में पड़े लिगेसी कचरे (पुराने कचरे) को 30 अप्रैल, 2026 तक पूरी तरह से साफ करने के सख्त निर्देश दिए हैं। सोमवार को डंपिंग ग्राउंड का विस्तृत निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि इस काम में अब किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेयर ने नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा और अन्य संबंधित इंजीनियरों के साथ मौके पर बायो-माइनिंग कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कचरा निस्तारण की गति का जायजा लिया और ग्राउंड स्टाफ से बातचीत की। जोशी ने आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ रहे इसके लंबे प्रभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की।
मिशन मोड में हो काम
कड़ा रुख अपनाते हुए मेयर जोशी ने मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए दिन-रात (24 घंटे) काम किया जाए। इसके लिए तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त मशीनरी और पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक और पर्यावरण नियमों के अनुकूल होनी चाहिए। मेयर ने डंपिंग ग्राउंड की सफाई को नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कार्य में पारदर्शिता बरतने, प्रतिदिन प्रगति की निगरानी करने और नियमित अपडेट देने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा ने मेयर को आश्वस्त किया कि काम में तेजी लाई गई है और निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के कचरा प्रबंधन तंत्र को दुरुस्त करने और निवासियों को स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।