चंडीगढ़। पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी जैसी गंभीर घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लाए गए नए बिल का आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ के नेता हरप्रीत हैप्पी ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे प्रदेश की शांति और धार्मिक भावनाओं के सम्मान के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
हैप्पी ने कहा कि पिछले कई वर्षों में पंजाब में बेअदबी की कई दुखद घटनाएं सामने आई थीं, जिनसे लोगों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची थी। उन्होंने पूर्व की सरकारों, विशेषकर अकाली दल की पंथक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन सरकारों ने केवल वादे किए, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
संत समाज ने किया मुख्यमंत्री का सम्मान
आप नेता ने बताया कि मान सरकार द्वारा इस दिशा में उठाए गए सख्त कदमों को आम जनता और विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा सराहा जा रहा है। हाल ही में संत समाज ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया है। संतों ने उम्मीद जताई है कि इस नए कानून के लागू होने से भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह से रोक लगेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।