चंडीगढ़। पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) के चंडीगढ़ मंडल द्वारा शनिवार को होटल पार्क व्यू में एक मेगा रिटेल आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से बैंक ने ग्राहकों को विभिन्न ऋण योजनाओं से जोड़ने और उन्हें बैंकिंग के डिजिटल खतरों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के प्रधान कार्यालय से आए मुख्य महाप्रबंधक प्रवीण गोयल ने की। उन्होंने ग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस आउटरीच का मुख्य उद्देश्य बैंक की लाभकारी योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाना है। उन्होंने जोर दिया कि ग्राहक आवास, कार, शिक्षा और व्यक्तिगत ऋण जैसी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। साथ ही, उन्होंने ग्राहकों को वर्तमान समय में बढ़ रहे डिजिटल फ्रॉड के प्रति आगाह करते हुए सुरक्षा के टिप्स भी दिए।
554 करोड़ की लीड्स जनरेट
इस कार्यक्रम की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चंडीगढ़ मंडल में 128 करोड़ रुपये की 255 लीड्स जनरेट हुईं। यदि पूरे चंडीगढ़ अंचल की बात करें, तो सभी मंडलों के सहयोग से कुल 554 करोड़ रुपये की 2415 लीड्स प्राप्त की गईं।
विशेष अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में अनुराधा चगती (सचिव- समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास, चंडीगढ़) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने आमजन के कल्याण के लिए पीएनबी के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अंचल प्रबंधक आशीष चतुर्वेदी और मंडल प्रमुख सजीव कुमार झा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि आशीष चतुर्वेदी ने हाल ही में मुख्य महाप्रबंधक के रूप में पदोन्नत होकर चंडीगढ़ अंचल प्रबंधक का कार्यभार संभाला है। कार्यक्रम में 150 से अधिक ग्राहकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।