चंडीगढ़: शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाया। निगम की एनफोर्समेंट टीमों ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट और नया गांव बैरियर पर विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए। इस पूरी कार्रवाई के दौरान 56 चालान काटे गए और 10 वाहनों को जब्त किया गया।
इंडस्ट्रियल एरिया से हटाए खटारा वाहन
सुबह के समय इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में कार्रवाई की गई। यहां रोड बर्म और पार्किंग एरिया में लावारिस हालत में खड़े, डंप किए गए और अवैध रूप से रिपेयर किए जा रहे वाहनों की काफी शिकायतें मिल रही थीं। निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों को मौके से जब्त कर लिया और उल्लंघन करने वालों के चालान किए।
मोबाइल मार्केट और नया गांव बैरियर पर एक्शन
शाम के वक्त निगम की टीम ने सेक्टर-22 की प्रसिद्ध मोबाइल मार्केट का रुख किया। यहां पार्किंग क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो। इसके साथ ही, नया गांव बैरियर के पास अवैध रूप से बैठे वेंडरों को हटाया गया।
तीन टीमों ने संभाली कमान
पूरे दिन चली इस कार्रवाई के लिए निगम की ओर से तीन विशेष टीमें तैनात की गई थीं। निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा न करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।