चंडीगढ़: बुड़ैल क्षेत्र की खराब सड़कों, गंभीर सीवरेज समस्या और साफ-सफाई की बिगड़ी व्यवस्था को लेकर आज आम आदमी पार्टी के नेता एवं समाजसेवी शादाब राठी ने नगर निगम के स्पेशल कमिश्नर प्रदीप कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान उन्होंने कुम्हार मोहल्ला सहित बुड़ैल के कई इलाकों की समस्याओं को विस्तार से रखा। विशेष रूप से बिलाल मस्जिद के सामने वाली गली, जिसे पिछले डेढ़ महीने से खोदकर छोड़ दिया गया है, का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बुड़ैल के कई हिस्सों में वर्षों से सीवरेज जाम, टूटी-फूटी सड़कों और साफ-सफाई की कमी की समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
शादाब राठी ने कहा कि बुड़ैल की जनता लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है और अब इन समस्याओं का समाधान होना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हुआ, तो जनता के हित में आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।