चंडीगढ़, चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कुख्यात लकी पटियाल और बंबीहा गैंग से जुड़े 8 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 14 पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। यह गिरोह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से हथियार लाकर ट्राइसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली) में गैंगस्टरों को सप्लाई करता था।
मुठभेड़ में बदमाश घायल
ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-25 के पास घेराबंदी कर भगोड़े अपराधी मुकेश उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुकेश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया। मुकेश के पास से एक .32 बोर की पिस्टल और तीन कारतूस मिले हैं।
लकी पटियाल-बंबीहा गैंग से कनेक्शन
गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में राहुल उर्फ रैली और मोनू उर्फ कंदू शामिल हैं। पूछताछ में इन्होंने खुलासा किया कि वे बंबीहा गैंग के सक्रिय सदस्यों को हथियार मुहैया करवाते थे। इन हथियारों का इस्तेमाल हत्या, लूट और फिरौती जैसी संगीन वारदातों में किया जाना था। राहुल पहले भी मध्य प्रदेश में अवैध हथियारों के साथ पकड़ा जा चुका है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने अलग-अलग रेड में निम्नलिखित आरोपियों को दबोचा:
राहुल उर्फ रैली और मोनू उर्फ कंदू: मनीमाजरा निवासी, जिनसे 8 हथियार बरामद हुए।
गोविंद उर्फ गौरव: मनीमाजरा निवासी, एक पिस्टल बरामद।
अमन उर्फ बत्तख और संजू उर्फ कंचा: इनके पास से एक-एक देसी कट्टा मिला।
मुकेश उर्फ गुल्लू: मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार।
गुरदीप सिंह और मोनी: सेक्टर-26 इलाके से आधी रात को गिरफ्तार, जिनसे दो हथियार मिले।
एसएसपी ऑपरेशंस गीतांजलि खंडेलवाल की देखरेख में इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, हरिंदर सिंह सेखों और सतविंदर सिंह की टीमों ने इन ऑपरेशनों को अंजाम दिया। पुलिस अब इन आरोपियों के बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों तक पहुंचा जा सके।