चंडीगढ़।( संजीव कुमार ) पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा है कि 'एकात्म मानववाद' केवल एक विचारधारा नहीं, बल्कि एक ऐसी जीवन-पद्धति है जो आधुनिक विश्व की समस्याओं का समग्र समाधान प्रस्तुत करती है। वे रविवार को पंजाब लोक भवन स्थित गुरु नानक देव भवन में आयोजित ‘एकात्म मानववाद (Integral Humanism)’ विषयक बौद्धिक संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
व्यक्ति, समाज और प्रकृति का संतुलन
अपने संबोधन में राज्यपाल ने महान विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण करते हुए कहा कि यह दर्शन भारतीय संस्कृति, वेदों और उपनिषदों की मूल भावना पर आधारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एकात्म मानववाद मनुष्य को केवल एक आर्थिक इकाई नहीं मानता, बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वित रूप में देखता है। उन्होंने व्यष्टि (व्यक्ति), समष्टि (समाज), सृष्टि (प्रकृति) और परमेष्ठी (परम सत्ता) के बीच संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्ति और समाज के बीच परस्पर सहयोग और पूरकता का संबंध होना चाहिए।
अंत्योदय और पर्यावरणीय चेतना
राज्यपाल ने ‘अंत्योदय’ की अवधारणा को इस दर्शन का मुख्य स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि वास्तविक प्रगति का मापदंड समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान पहुँचाना है। पर्यावरणीय चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रकृति के शोषण के विरुद्ध चेतावनी दी और प्रकृति के साथ संतुलित संबंध बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
गुरुओं की शिक्षाओं का संगम
राज्यपाल ने सिख गुरुओं के संदेशों— ‘सरबत दा भला’ और ‘पवन गुरु, पानी पिता’ का उल्लेख करते हुए कहा कि ये शिक्षाएं एकात्म मानववाद के सिद्धांतों के ही अनुरूप हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस दर्शन को व्यवहार में उतारकर 'विकसित भारत' के निर्माण में योगदान दें।
प्रमुख उपस्थिति:
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने विचार रखे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष सरदार इकबाल सिंह लल्पुरा, पीयू की उप-कुलपति प्रो. रेनू विग, डॉ. धरिंदर तयाल, ललित शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।