चंडीगढ़/डेरा बस्सी।( संजीव कुमार) राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने डेरा बस्सी और लालडू को पंजाब में महिला सशक्तिकरण के मॉडल हब के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। डेरा बस्सी में 60 सेल्फ हेल्प ग्रुप्स (SHG) की लगभग 500 महिलाओं और 'लखपति दीदियों' को संबोधित करते हुए सांसद संधू ने क्षेत्र में महिलाओं के लिए 'स्किल ट्रेनिंग सेंटर' स्थापित करने के लिए अपने MP-LAD फंड से आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।
चंडीगढ़ में खुलेगा 'शीमार्ट' और शुरू होगी बस सेवा
सांसद ने महिलाओं की मांग पर आश्वासन दिया कि वे चंडीगढ़ प्रशासन के समक्ष SHG उत्पादों की बिक्री के लिए 'शीमार्ट' (She Mart) रिटेल आउटलेट खोलने और डेरा बस्सी-लालडू से चंडीगढ़ तक विशेष सरकारी बस सुविधा शुरू करने का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में 'सरस मेले' की तर्ज पर क्राफ्ट मेला लगाने की भी घोषणा की।
लखपति और ड्रोन दीदी बदल रही हैं ग्रामीण अर्थव्यवस्था
सांसद संधू ने बताया कि पंजाब में 3.24 लाख से अधिक 'लखपति दीदियां' ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं। उन्होंने 'नमो ड्रोन दीदी' योजना की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में 57 समूहों को ड्रोन पायलट के रूप में प्रशिक्षित किया गया है।
प्रेरक कहानियां: चरणजीत कौर (शीतला आजीविका SHG): सालाना 15 लाख रुपये की आय से अपने बेटे को पढ़ाई के लिए कनाडा भेजा।
सरोज रानी (नारी शक्ति SHG): बिना गारंटी लोन की मदद से पंजाबी जूती के व्यवसाय को 12 राज्यों के मेलों तक पहुँचाया।
इस अवसर पर भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बनी संधू भी उपस्थित रहे। सांसद ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की इन योजनाओं का मुख्य लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर सामाजिक सम्मान दिलाना है।