चंडीगढ़ |( संजीव कुमार ) हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने सदन में लाए गए सरकारी प्रस्ताव पर अपना पक्ष रखते हुए कांग्रेस को महिला विरोधी और संवैधानिक मर्यादाओं को तोड़ने वाली पार्टी करार दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा लाया गया प्रस्ताव कोई राजनीतिक स्टंट नहीं, बल्कि महिलाओं के मान-सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प है।
"पार्किंग में डुप्लीकेट विधानसभा चलाना शर्मनाक"
मुख्यमंत्री सैनी ने विपक्ष द्वारा सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर पार्किंग में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, "यह सदन के इतिहास में पहली बार हुआ है कि निर्वाचित विधायक सदन के भीतर चर्चा करने के बजाय पार्किंग में 'नकली सदन' चला रहे हैं। यह न केवल इस महान सदन का अपमान है, बल्कि महिलाओं, लोकतंत्र और संविधान का भी घोर अपमान है।" उन्होंने इस कृत्य के विरोध में सदन से एक निंदा प्रस्ताव लाने की भी अपील की।
महिला आरक्षण और पीएम मोदी का विजन
विधायक अर्जुन चौटाला के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के जरिए महिलाओं को उनका हक देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, "यदि सरकार जनगणना और परिसीमन का इंतजार करती, तो 2029 में महिलाओं को 33% आरक्षण नहीं मिल पाता। इसीलिए केंद्र सरकार क्रांतिकारी विधेयक लेकर आई ताकि 2029 के आम चुनाव में महिलाओं की संसद में प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।"
बड़ी घोषणा: "लाडो लक्ष्मी योजना" के लाभार्थियों का बीपीएल कार्ड नहीं होगा रद्द
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि 'दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत अब तक 6 किस्तें बहनों के खातों में भेजी जा चुकी हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस योजना का लाभ लेने वाले किसी भी परिवार का बीपीएल (BPL) कार्ड रद्द नहीं किया जाएगा।
विपक्ष का दोहरा चरित्र उजागर
मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह के तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि परिसीमन के नाम पर विपक्ष ने झूठ फैलाया कि राज्यों का प्रतिनिधित्व कम होगा, जबकि सच्चाई इसके उलट है। उन्होंने विपक्षी दलों की घोर निंदा करते हुए कहा कि जो भी महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे जनता के न्याय का सामना करना पड़ेगा। अंत में, सीएम ने सभी से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर इस महिला सशक्तिकरण प्रस्ताव का समर्थन करने की अपील की।