चंडीगढ़ । दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा श्री राधा माधव मंदिर, सैक्टर 34 सी, चंडीगढ़ में भव्य मासिक सत्संग समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के संस्थापक एवं संचालक आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी सतबीरानंद जी ने भक्तों को भौतिक सुखों से ऊपर उठकर आत्मिक सुख की खोज करने के लिए प्रेरित किया। स्वामी जी ने कहा कि इंसान का जीवन प्रभु भक्ति के बिना अधूरा है। उसके जीवन के सभी सुख प्रभु के वास्तविक स्वरूप को न जानने के कारण विफल हैं। यही कारण है कि आज मानव धन, ऐश्वर्य, यश, मान, प्रतिष्ठा, पुत्र-पौत्र आदि प्राप्त करने के पश्चात भी शांति और सुख से वंचित है। उसकी गलती बस इतनी कि वह उस परम शांति के स्रोत को भौतिक वस्तुओं में खोज रहा है। वास्तव में इस संसार में जिसने भी परम शांति का अनुभव किया है, उसने उसे अपने भीतर उतरकर ही पाया है। क्योंकि वह शांति का परम स्रोत, अर्थात् ईश्वर, किसी भौतिक वस्तु या बाहरी स्थान में नहीं, बल्कि प्रत्येक मनुष्य के भीतर ही विद्यमान हैं। ईश्वर को प्राप्त करने और उनके दर्शन करने का एकमात्र सनातन मार्ग उस दिव्य विद्या को जानना है, जिसके माध्यम से जीवात्मा अपने भीतर परमात्मा की दिव्य अनुभूति कर सकती है। यह चर्म नेत्र उस ईश्वरीय शक्ति को देखने में असमर्थ हैं। इसी संदर्भ में भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की रणभूमि में अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश देते हुए कहा था — “न तु मां शक्यसे द्रष्टुमनेनैव स्वचक्षुषा। दिव्यं ददामि ते चक्षुः पश्य मे योगमैश्वरम्॥” अर्थात् हे पार्थ! तुम मुझे इन सांसारिक नेत्रों से नहीं देख सकते। इसलिए मैं तुम्हें दिव्य नेत्र प्रदान करता हूँ, जिनके द्वारा तुम मेरे वास्तविक स्वरूप का दर्शन कर सकोगे।
स्वामी जी ने समझाया कि भगवान श्री कृष्ण के इस उपदेश को हमें अपने जीवन में भी चरितार्थ करने की आवश्यकता है। इसके लिए हमें एक पूर्ण संत की शरण में जाकर उस दिव्य दृष्टि को प्राप्त करना होगा, जिससे हम परमात्मा का साक्षात्कार कर सकें और अपने जीवन में सच्ची भक्ति का आरंभ कर सकें। तभी हमारे जीवन का कल्याण संभव है। जो जीव अपने जीवनकाल में भक्ति करते हुए जीवन व्यतीत करता है, वह अंततः परमात्मा में लीन हो जाता है। परमात्मा स्वयं उसके योगक्षेम का भार वहन करते हैं। भक्त प्रह्लाद, ध्रुव, मीराबाई, कबीरदास जी, नामदेव जी, धन्ना जाट आदि इस सत्य के प्रमुख उदाहरण हैं। अतः यदि आप भी अपने जीवन को खुशहाल, शांत और आनंदमय बनाना चाहते हैं, तो आपको भी परमात्मा की वास्तविक भक्ति के मार्ग पर चलना होगा।
ऐसे ही प्रेरणादायी विचारों और सुमधुर भजनों के माध्यम से उपस्थित भक्तों के साथ सफल जीवन जीने के सूत्र साँझा किए गए। अंत में विश्व हित की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप लंगर वितरित किया गया।