चंडीगढ़। असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को नगर निगम (MC) का इंस्पेक्टर बताकर गरीब रेहड़ी-फड़ी वालों (वेंडरों) से पैसे ऐंठता था और उन्हें जाली वेंडर लाइसेंस व पहचान पत्र जारी करता था।
एसएसपी कंवरदीप कौर के कड़े दिशा-निर्देशों और एसएचओ इंस्पेक्टर राजीव कुमार की टीम ने इस फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजेश कुमार (35), निवासी सेक्टर 41D, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
कैसे हुआ खुलासा?
यह कार्रवाई नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य मुकेश गिरी और नवनीत चावला की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि सेक्टर-41 पार्क के सामने सामान बेचने वाले एक वेंडर ने उन्हें इस ठगी की जानकारी दी थी। जांच में सामने आया कि आरोपी राजेश कुमार खुद को निगम का इंस्पेक्टर बताकर गरीब वेंडरों को डराता था और उनसे 1000 से 1500 रुपये वसूलकर उन्हें फर्जी लाइसेंस थमा देता था। नगर निगम से दस्तावेजों का सत्यापन कराने पर वे पूरी तरह जाली पाए गए।
एक दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 27 अप्रैल को थाना सेक्टर-39 में बीएनएस (BNS) की धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3) और 340 के तहत एफआईआर (FIR No. 61) दर्ज कर आरोपी राजेश को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल कर लिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गोरखधंधे में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है।