चंडीगढ़, नगर निगम चंडीगढ़ ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अवैध वेंडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को की गई इस विशेष कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने न केवल अवैध रूप से बैठे वेंडरों को हटाया, बल्कि 42 चालान काटकर नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ा संदेश भी दिया।
नगर निगम की प्रवर्तन शाखा (एनफोर्समेंट विंग) ने सेक्टर-37 के मुख्य बरामदे में दोपहर और शाम के समय विशेष अभियान चलाया। यहाँ बिना पंजीकरण के सामान बेच रहे वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके साथ ही मनीमाजरा (सेक्टर-13) में भी अवैध वेंडिंग को लेकर सख्ती दिखाई गई। दोनों क्षेत्रों में की गई संयुक्त कार्रवाई में कुल 42 चालान जारी किए गए।
बाजारों से हटवाई रेहड़ियां निगम की टीम ने मनीमाजरा स्थित कबाड़ी बाजार से अतिक्रमण हटाया और मुख्य बाजार क्षेत्र में पैदल चलने वालों के रास्ते में खड़ी रेहड़ियों को वहां से हटवाया। इस दौरान सार्वजनिक रास्तों में बाधा डाल रहे दो वाहनों को भी टीम ने जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सुगम आवाजाही और बेहतर शहरी प्रबंधन के लिए यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।