चंडीगढ़, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित 'ऑलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट 2026' के चौथे संस्करण का शनिवार को भव्य समापन हो गया। पंजाब लोक भवन में आयोजित इस समापन समारोह में पंजाब के राज्यपाल और यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
रोमांचक मुकाबलों में दिखा युवाओं का दम
टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबलों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। लड़कों की श्रेणी में फाइनल मुकाबला टीम नंबर 93 और टीम नंबर 159 के बीच खेला गया, जिसका फैसला 'सुपर ओवर' के जरिए हुआ। कड़े संघर्ष के बाद टीम नंबर 93 ने खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, लड़कियों की श्रेणी में टीम नंबर 32 ने अपना दबदबा कायम रखते हुए टीम नंबर 1 को नौ विकेट के बड़े अंतर से हराकर चैंपियनशिप जीती। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो नितिन कुमार और रीना को क्रमशः लड़कों और लड़कियों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया, जबकि ध्रुव और तान्या को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।
खेल मैदानों के उपयोग के लिए जल्द होगा समझौता
इस अवसर पर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही खेल संघों के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) किया जाएगा। इससे प्रतिभाशाली और जरूरतमंद खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा। प्रशासक ने भविष्य के संस्करणों के लिए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 1 लाख रुपये और द्वितीय स्थान के लिए 50 हजार रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन ने पिछले डेढ़ साल में करीब 6,000 खिलाड़ियों को 31 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की है।
नशे के खिलाफ सामुदायिक भागीदारी पर जोर
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (UTCA) द्वारा चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना था। समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी और सामुदायिक सहभागिता अनिवार्य है। वहीं, यूटीसीए के चेयरमैन संजय टंडन ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान चयनकर्ताओं ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की है, जिन्हें बीसीसीआई से संबद्ध प्रतियोगिताओं तक पहुंचने के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर टूर्नामेंट के पिछले संस्करण पर आधारित एक 'कॉफी टेबल बुक' का भी विमोचन किया गया।
इस आयोजन में 17 अप्रैल से शुरू हुए इस सफर में कुल 288 टीमों के लगभग 3,400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।