चंडीगढ़ । ट्रैफिक पुलिस शहर में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ-साथ अब जनता के साथ अपने व्यवहार और संवाद को और अधिक सौहार्दपूर्ण बनाने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में शनिवार को सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक ऑडिटोरियम में ट्रैफिक कर्मियों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों के संचार कौशल (सॉफ्ट स्किल्स), जन-संवाद को बेहतर बनाना और उनके व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना था।
डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, आईजीपी पुष्पेंद्र कुमार और एसएसपी (सुरक्षा एवं यातायात) सुमेर प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशों व डीएसपी (ट्रैफिक) लक्ष्य पांडे की देखरेख में आयोजित इस सत्र में ट्रैफिक विंग के लगभग 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
विशेषज्ञों ने दिए व्यावहारिक टिप्स
कार्यशाला के दौरान इंस्पेक्टर डॉ. प्रवेश शर्मा और इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार ने ड्यूटी के दौरान जनता के साथ प्रभावी और सकारात्मक संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, विषय विशेषज्ञों के रूप में प्रो. ज्योति सेठ (पूर्व प्रिंसिपल), अवनींदर चोपड़ा (पूर्व एचओडी, डीएवी कॉलेज) और नीरज अग्रवाल (पूर्व एचओडी, पीजीजीसीजी-11) ने जवानों का मार्गदर्शन किया।
विशेषज्ञों ने जवानों को स्मार्ट पुलिसिंग, सहानुभूति और मौखिक व गैर-मौखिक संवाद के गुर सिखाए। इसके अलावा, ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान उत्पन्न होने वाली कठिन परिस्थितियों और तनावपूर्ण विवादों को सुलझाने की रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सत्र को संवादपूर्ण बनाने के लिए समूह गतिविधियां भी करवाई गईं, जिसमें जवानों ने सड़क पर ड्यूटी के दौरान आने वाली अपनी वास्तविक चुनौतियों को विशेषज्ञों के साथ साझा किया।