चंडीगढ़, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) में बी.एससी. (ऑनर्स) फिजिक्स के अंतिम वर्ष के छात्र सर्वेश गुप्ता ने आईआईटी जेएएम 2026 (IIT JAM) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR-1) हासिल कर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की है। मूल रूप से नेपाल के रहने वाले सर्वेश ने इस सफलता के साथ-साथ प्रतिष्ठित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) और इंटर-यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स (IUCAA) की राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाएं भी पास की हैं।
भारत की सबसे कठिन पोस्टग्रेजुएट प्रवेश परीक्षाओं में शुमार आईआईटी जेएएम के फिजिक्स विषय में 12,000 से अधिक उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। अब सर्वेश टीआईएफआर, मुंबई से थ्योरिटिकल फिजिक्स में इंटीग्रेटेड पीएचडी (I-Ph.D.) करेंगे। सर्वेश ने बताया कि इस विशेष प्रोग्राम के लिए देशभर से केवल 22 छात्रों का ही चयन हुआ है। सीयू में पढ़ाई के दौरान एक आइडियाथॉन के सिलसिले में टीआईएफआर जाने का मौका मिला था, जहां की अत्याधुनिक रिसर्च लैब्स देखकर उन्होंने वहां पढ़ने का सपना देखा था जो अब साकार हो गया है।
अनुशासन और स्कॉलरशिप बनी सफलता की सीढ़ी
नेपाल के लुम्बिनी जिले के विष्णुपुरा गांव निवासी सर्वेश एक सामान्य परिवार से आते हैं। उनके पिता सरकारी स्कूल में शिक्षक और माता गृहिणी हैं। साल 2023 में 50 प्रतिशत स्कॉलरशिप के साथ उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया था। अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने कड़े अनुशासन को देते हुए उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक निश्चित दिनचर्या का पालन करना बेहद जरूरी है। वे पढ़ाई के साथ-साथ कसरत और मनोरंजन के लिए भी तय समय निकालते थे। यूनिवर्सिटी के शिक्षकों ने उन्हें तीनों प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया और उनके मॉक इंटरव्यू भी आयोजित करवाए।