चंडीगढ़, आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के 45 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को यहां होटल हयात में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान देशव्यापी 'अनसंग हीरोज अवार्ड्स' के तहत पंजाब के उन 19 गुमनाम नायकों को सम्मानित किया गया, जो समाज के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सांसद सतनाम संधू विशिष्ट अतिथि रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल कटारिया ने कहा कि समाज के सामने आने वाले सफल लोगों को सम्मानित करना आसान है, लेकिन उन लोगों को ढूंढना चुनौतीपूर्ण है जो पर्दे के पीछे रहकर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का यह प्रयास सराहनीय है। गुरुदेव ने वसुधैव कुटुंबकम के संदेश को सार्थक किया है और उनकी सुदर्शन क्रिया तकनीक मानवता के लिए वरदान है। कटारिया ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए साझा करने और निस्वार्थ सेवा की भावना पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि सांसद सतनाम संधू ने संस्था से अपील की कि वह पंजाब को नशे की समस्या से बचाने और जल संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाए। उन्होंने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग का प्रभाव आध्यात्मिक है, इसलिए लोग गुरुदेव की बातों को गंभीरता से सुनते हैं। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम और दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनीश दुआ ने सम्मानित होने वाली विभूतियों के प्रेरक संघर्ष की जानकारी दी।
विभिन्न जिलों से ये हुए सम्मानित
समारोह में व्यापार, परोपकार, खेल और युवा नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिग्गजों को सम्मानित किया गया। इनमें फतेहगढ़ साहिब से सुधीर गोयल, लुधियाना से मनुष्यता दी सेवा सोसाइटी, पटियाला से मुनीश गोयल व राजकरण सिंह, बठिंडा से कर्नल गुलशन मेहता, एसएएस नगर से विपुल तनेजा व सांझी सिखिया फाउंडेशन, रूपनगर से प्रभात शर्मा, श्री मुक्तसर साहिब से संजीव कुमार टिंकू, बरनाला से साहिल जेठी, फरीदकोट से मनप्रीत सिंह, तेजिंदर सिंह व संदीप कुमार अरोड़ा, मोगा से चेतन शर्मा, चंडीगढ़ से रितिका वर्मा व डॉ. संदीप एस चटवाल, फाजिल्का से जसविंदर गिल, फिरोजपुर से डॉ. अनिरुद्ध गुप्ता और जालंधर से डॉ. दिशा खन्ना शामिल हैं।
मंच पर मौजूद रहे : इस अवसर पर नगर निगम पार्षद उमेश घई, राजन मित्तल, सलिल गुप्ता, डॉ. अजय, राजेश जिंदल और मंजू भुसारी भी उपस्थित रहे।