चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल वर्मा ने मंगलवार को चंडीगढ़ के सभी छह जिला अध्यक्षों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की जड़ों को और मजबूत करना तथा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।
जन-जन तक पहुंचाएंगे विकास की नीतियां
बैठक के दौरान सतपाल वर्मा ने संगठन के उत्थान और शहर के विकास पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर पिछड़ा वर्ग और जरूरतमंदों के लिए अभूतपूर्व कार्य कर रही है। वर्मा ने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए सेतु का कार्य करें।
जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश
सतपाल वर्मा ने आगामी समय के लिए रणनीति साझा करते हुए सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक सक्रिय हों।
आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनें। स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करें।
योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें लाभ दिलाने में मदद करें।
बैठक के अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिला अध्यक्षों के समर्पण और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का मुख्य ध्येय सेवा है और इसी संकल्प के साथ मोर्चा के कार्यकर्ता मैदान में उतरेंगे।