चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल और यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को साहित्यकारों से आह्वान किया कि वे अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा दें। वे चंडीगढ़ साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न भाषाओं के कई प्रतिष्ठित लेखकों, कवियों और युवा रचनाकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।
समाज को दिशा दिखाता है साहित्य
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि साहित्य केवल समाज का दर्पण नहीं है, बल्कि यह मानवता को सही दिशा दिखाने वाला एक प्रकाश स्तंभ है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि किसी भी राष्ट्र की असली ताकत उसके नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और साहित्यिक समृद्धि में होती है। उन्होंने लेखकों से आग्रह किया कि उनकी रचनाओं के केंद्र में भारतीय संस्कृति और सामाजिक सौहार्द होना चाहिए। उत्तरदायी अभिव्यक्ति का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कलम हमेशा समाज को जोड़ने वाली होनी चाहिए, न कि उसे बांटने वाली।
डिजिटल युग में किताबें पढ़ने की आदत डालें युवा
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए प्रशासक ने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे सतही ज्ञान तक सीमित न रहें। उन्होंने कहा कि युवाओं को पुस्तकों और महान साहित्यकारों की रचनाओं को पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए। डिजिटल युग में अकादमियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे युवाओं में पठन संस्कृति को मजबूत करें। उन्होंने अकादमी द्वारा साहित्य को बढ़ावा देने के लिए पिछले चार दशकों से किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
पहली बार बच्चों को भी मिला सम्मान
समारोह में वर्ष 2023 और 2024 के लिए हिंदी, पंजाबी, संस्कृत व अंग्रेजी के 8 वरिष्ठ साहित्यकारों को 'अवार्ड ऑफ रिकग्निशन' से नवाजा गया। इसके अलावा 10 लेखकों को 'सर्वश्रेष्ठ पुस्तक पुरस्कार 2024' और 6 लेखकों को 'पांडुलिपि 2025' श्रेणी में सम्मानित किया गया। समारोह में एक 'युवा पुरस्कार' भी प्रदान किया गया। खास बात यह रही कि अकादमी ने पहली बार 'बाल पुरस्कार' की शुरुआत की, जिसके तहत तीन आयु वर्गों के 15 बच्चों को उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पर्यटन व सांस्कृतिक कार्य सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह, अकादमी अध्यक्ष मनमोहन सिंह समेत कई साहित्य प्रेमी, शिक्षाविद् और विद्यार्थी मौजूद रहे।