चंडीगढ़। चितकारा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्राई सिटी और स्कूल का नाम रोशन किया है। हाल ही में मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित मार्स इंटरनेशनल स्पेलिंग बी चैम्पियनशिप 2026 में इन विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विश्व स्तर की इस प्रतियोगिता में हजारों छात्रों ने हिस्सा लिया था, जहां स्पेलिंग, उच्चारण, शब्दावली, वर्बल रीजनिंग और भाषाई दक्षता की कड़ी परीक्षा ली गई।
आकाश ने हासिल किए शत-प्रतिशत अंक
चितकारा इंटरनेशनल स्कूल पंचकूला के छात्र आकाश निमवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कैटेगरी-1 में 100 में से 100 अंक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। वर्तमान में तीसरी कक्षा में पढ़ रहे आकाश ने 2024-25 के सत्र में जब इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था, तब वह पहली कक्षा के छात्र थे। उन्होंने पूरे वर्ष लगातार कड़ी मेहनत की। अपनी इस सफलता का श्रेय आकाश ने अपने माता-पिता, दादा-दादी और शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ-साथ अपने नियमित अभ्यास को दिया है।
अन्य विद्यार्थियों ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रतियोगिता में पंचकूला कैंपस की दूसरी कक्षा की छात्रा अंजलि डे ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कैटेगरी-2 में 62 अंक प्राप्त कर ‘बडिंग स्टार’ का खिताब अपने नाम किया है। इसके अलावा 2023-24 बैच के विद्यार्थियों में आयरा मेहता ने कैटेगरी-1 में 80 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान और शौर्य सलूजा ने 58 अंकों के साथ आठवीं रैंक हासिल की।
कठिन प्रतिस्पर्धा से गुजर कर मिली सफलता
इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की क्षमता को परखने के लिए कई कड़े मापदंड रखे गए थे। इनमें पर्यायवाची, विपरीतार्थक शब्द, उच्चारण और श्रवण आधारित व्याख्या जैसे विषय शामिल थे। कई प्रतिस्पर्धात्मक चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद ही इन चुनिंदा प्रतिभागियों ने इस चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था। पहले यह आयोजन दुबई में प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के चलते इसे मुंबई में आयोजित किया गया।
चितकारा इंटरनेशनल स्कूल्स की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. नियति चितकारा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बच्चों की मेहनत, बौद्धिक क्षमता और उत्कृष्टता के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है। स्कूल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर सक्षम और भविष्य के लिए तैयार करना है।