चंडीगढ़, भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के जिला डॉ. भीमराव अंबेडकर का दो दिवसीय 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान' बुधवार को मोरनी स्थित नेचर कैंप में संपन्न हो गया। जिला अध्यक्ष रेखा सूद की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि 'राष्ट्र प्रथम' की भावना वाला वैचारिक संगठन है। समापन सत्र में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने ‘कार्यकर्ता निर्माण और उसकी संभाल’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ता का व्यक्तित्व जितना मजबूत होगा, संगठन उतनी ही तेजी से नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
बूथ प्रबंधन और निगम चुनाव पर रहा फोकस
इस शिविर में कुल 13 वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। संगठन महामंत्री (पंजाब और चंडीगढ़) मंथरी श्रीनिवासुलू ने बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम के महत्व पर चर्चा की। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने पार्टी की कार्य पद्धति और सेवा आधारित राजनीति को बारीकी से समझाया। आगामी नगर निगम चुनावों के मद्देनजर पार्षद महेश इंद्र सिद्धू ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होने का आह्वान किया। इसके अलावा, आईटी इंचार्ज शिवेंद्र मंढोतरा ने सोशल मीडिया और एआई (AI) तकनीक के बढ़ते प्रभाव से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।
अंत्योदय के संकल्प के साथ काम कर रही सरकार
प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने भाजपा के इतिहास व विकास पर प्रकाश डाला, जबकि सतिंदर सिंह ने एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर अपने विचार रखे। प्रदेश सचिव सोनिया दुग्गल ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी और गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ काम कर रही है। इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन से प्रशिक्षण महा अभियान के इंचार्ज डॉ. देवेंद्र मंडियाल, प्रदेश महामंत्री संजीव राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष भारत कुमार, विनोद अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह ढिल्लों, रवि रावत सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में जिला अध्यक्ष रेखा सूद ने सभी का आभार व्यक्त किया।