चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल एवं विद्यालय बोर्ड के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब लोक भवन में 'द पंजाब पब्लिक स्कूल' (पीपीएस) नाभा के विद्यार्थियों को उनकी शानदार अकादमिक और खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यालय की आधारभूत संरचना को आधुनिक बनाने के लिए 1 करोड़ रुपये के अनुदान की घोषणा की। साथ ही, स्कूल के व्यापक कायाकल्प के लिए विभिन्न स्रोतों से 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता और प्रधानाचार्य के अनुरोध पर पिकलबॉल खेल के ढांचे के विकास के लिए 10 लाख रुपये देने का आश्वासन भी दिया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता अनुशासन, समर्पण और कठोर परिश्रम का परिणाम है। विद्यालय के शानदार अकादमिक प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आईएससी परीक्षा में शामिल सभी 99 विद्यार्थियों ने डिस्टिंक्शन हासिल की है और बैच का औसत 91 प्रतिशत रहा। 34 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में पूरे अंक हासिल किए। इसी तरह, आईसीएसई में भी 103 में से 68 विद्यार्थियों ने डिस्टिंक्शन प्राप्त की।
खेल के मैदान में भी गाड़े झंडे
कटारिया ने खेलकूद और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में पीपीएस नाभा के प्रदर्शन की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय की अंडर-14 और अंडर-19 हॉकी टीमों ने ऑल इंडिया आईपीएससी चैंपियनशिप जीती है। इसके अलावा, घुड़सवारी (अश्वारोहण) टीम ने दिल्ली हॉर्स शो में 27 स्वर्ण सहित कुल 77 पदक जीते। विद्यालय के बैंड और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 350 से अधिक पदक जीतने पर राज्यपाल ने मेधावी विद्यार्थियों, टॉपर्स और हॉकी खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कारों व वित्तीय सहायता की घोषणा की।
'विकसित भारत 2047' में युवाओं की भूमिका अहम
इस वर्ष पीपीएस नाभा ने राष्ट्रीय रैंकिंग में चौथा स्थान प्राप्त किया है। राज्यपाल ने इस गौरवशाली संस्थान को देश का सर्वश्रेष्ठ स्कूल बनाने और रक्षा सेवाओं के लिए अधिकारी तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण और नवाचार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा ही “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करेंगे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया। अंत में, पीपीएस नाभा के प्रधानाचार्य डॉ. डी.सी. शर्मा ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बोर्ड ऑफ गवर्नर्स कार्यकारिणी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्य सचिव जय सिंह गिल, डॉ. सुमेर सिंह और पीसीएस अधिकारी सुखविंदर कौर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।