चण्डीगढ़ : संयुक्त आयुक्त (जेसीएमसी-1) के निर्देशानुसार नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। चण्डीगढ़ नगर निगम के एनफोर्समेंट विभाग के सुपरिटेंडेंट सुनील दत्त ने बताया कि अभियान के दौरान बिना अनुमति संचालित किए जा रहे नारियल बिक्री स्थलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पूरे शहर में लगभग 25 अवैध साइटों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों से तिरपाल, तरबूज बिक्री के लिए लगाए गए टेबल तथा अन्य सामान जब्त किया। इसके अलावा सेक्टर-26 ट्रांसपोर्ट एरिया में अभियान चलाकर 7 मछली विक्रेताओं को हटाया गया, जो निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर सार्वजनिक स्थानों पर कारोबार कर रहे थे।
इसी क्रम में सेक्टर-28 मोटर मार्केट में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, जहां 6 वाहनों को इम्पाउंड किया गया। शाम के समय सेक्टर-34 फर्नीचर मार्केट में भी विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने पूरे दिन चले अभियान के दौरान कुल 53 चालान जारी किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों और बिना अनुमति व्यवसायिक गतिविधियों के खिलाफ भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि शहर में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और नागरिक सुविधाएं प्रभावित न हों।