चंडीगढ़: परास्नातक चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) के ओटोरहिनोलारिंजोलॉजी और हेड एंड नेक सर्जरी (ईएनटी-एचएनएस) विभाग द्वारा सोमवार, 1 जून 2026 को एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय अतिथि व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। संस्थान के लेक्चर थियेटर-1 (एलटी-1) में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अमेरिका की जानी-मानी बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिक ओटोलरींगोलॉजिस्ट) और एयरवे सर्जन डॉ. ताली लैंडो ने अपने सर्जिकल अनुभव और बारीकियां साझा कीं। डॉ. लैंडो ने "ट्विस्टी टेल्स ऑफ पीडियाट्रिक ओटोलरींगोलॉजी एंड लेसन्स लर्नड" विषय पर व्याख्यान देते हुए उपस्थित चिकित्सकों का मार्गदर्शन किया।
जटिल सर्जिकल चुनौतियों पर हुई विस्तृत चर्चा
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मारिया फरेरी चिल्ड्रन हॉस्पिटल और वेस्टचेस्टर मेडिकल सेंटर से आईं डॉ. ताली लैंडो एक प्रतिष्ठित चिकित्सक होने के साथ-साथ “सर्जिकल टेल्स फ्रॉम द ब्रिंक (एंड बैक)” नामक प्रसिद्ध पुस्तक की लेखिका भी हैं। अपने व्याख्यान के दौरान उन्होंने बाल चिकित्सा वायुमार्ग (पीडियाट्रिक एयरवे) से जुड़े जटिल मामलों को संभालने के वर्षों के अनुभव को मंच पर रखा।
उन्होंने बताया कि हाई-रिस्क मामलों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और सर्जिकल चुनौतियां किस तरह चिकित्सा पद्धति को नई दिशा देती हैं। बाल चिकित्सा एयरवे विकार ईएनटी सर्जरी में सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में से एक माना जाता है, इसलिए यह संवाद सत्र पीजीआई के रेजिडेंट डॉक्टरों और फैकल्टी के लिए शैक्षिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा।
अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम का शुभारंभ ईएनटी-एचएनएस विभाग की प्रमुख प्रो. जयमंती बख्शी द्वारा किया गया, जिसके बाद प्रो. अनुराग एस. रामावत ने मुख्य वक्ता का औपचारिक परिचय दिया। इस अवसर पर पीजीआईएमईआर के डीन (अकादमिक) प्रो. आर.के. राठो ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
वहीं, डीन (रिसर्च) प्रो. संजय जैन और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। यह आयोजन विशेष चिकित्सा क्षेत्रों में वैश्विक विशेषज्ञता और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति पीजीआई की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।