चंडीगढ़ । चंडीगढ़ पुलिस ने ट्राई सिटी में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल उर्फ चामुंडा के रूप में हुई है, जो सेक्टर 30 बी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कमानीदार चाकू बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शक के आधार पर रोके जाने पर हुआ खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इंडस्ट्रियल एरिया थाने के हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह 4 जून की रात करीब 10 बजे पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। जब वे सेक्टर 29 सी-डी डिवाइडिंग रोड के पास पहुंचे, तो उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कमानीदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी इस हथियार को रखने के लिए कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आदतन अपराधी है चामुंडा, दर्ज हैं 7 मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि 33 वर्षीय राहुल उर्फ चामुंडा एक आदतन अपराधी है और कोई काम-काज नहीं करता है। क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर पहले से ही 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, डकैती, दंगा करने, मारपीट करने और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन सहित कई गंभीर मामले शामिल हैं। ये मामले चंडीगढ़ के थाना 34, थाना 31, थाना 26 और इंडस्ट्रियल एरिया थाने में दर्ज हैं। यह कार्रवाई एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह, एसपी सिटी केएम प्रियंका और एसडीपीओ ईस्ट पी. अभिनंदन के दिशा-निर्देशों में एसएचओ सतनाम सिंह की टीम ने की है।