चंडीगढ़, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने राष्ट्रव्यापी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण अभियान आयोजित किया। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की। यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ सेक्टर-7 स्थित सार्वजनिक पार्क में पौधारोपण किया। यह गतिविधि हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को पर्यावरणीय स्थिरता के लिए योगदान देने हेतु प्रेरित करने की प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक रही।
गृह सचिव-सह-सचिव (वन) मंदीप सिंह बराड़ ने चंडीगढ़ बर्ड पार्क में पौधा लगाया। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) सौरभ कुमार तथा वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, यूटी चंडीगढ़, अनुप कुमार सोनी ने भी पौधारोपण किया।
अधिकारियों ने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, वायु गुणवत्ता में सुधार लाने तथा जैव विविधता के संरक्षण में वृक्षारोपण की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने नागरिकों से भी अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आयोजित यह पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति चंडीगढ़ प्रशासन की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह प्रकृति के उपहार के माध्यम से माताओं के सम्मान का संदेश भी सशक्त रूप से प्रसारित करता है।