चंडीगढ़, चंडीगढ़ में एक जुलाई 2026 के संदर्भ में फोटो मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए 15 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का गणना चरण शुरू होने जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 14 जुलाई तक घर-घर जाकर फॉर्म वितरित करेंगे और उन्हें भरवाकर एकत्र करेंगे। यूटी की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) प्रेरणा पुरी ने वीरवार को एक पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में चंडीगढ़ में कुल 5,16,427 मतदाता पंजीकृत हैं। इस विशेष अभियान के लिए बीएलओ और अन्य संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
ताला बंद मिलने पर तीन बार जाएंगे बीएलओ
इस अभियान के तहत बीएलओ हर मतदाता को फॉर्म की दो प्रतियां देंगे और आवश्यकता पड़ने पर फॉर्म भरने में मदद भी करेंगे। यदि किसी घर पर ताला मिलता है, तो बीएलओ फॉर्म वहीं छोड़ देंगे और उसे एकत्र करने के लिए अलग-अलग तिथियों पर कम से कम तीन बार वहां जाएंगे। मतदाता चाहें तो अपने भरे हुए फॉर्म सीधे बीएलओ को दे सकते हैं या ‘ईसीआई नेट’ (ECINet) मोबाइल ऐप और ‘वोटर्स सर्विस पोर्टल’ के जरिए ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन जमा किए गए फॉर्म्स का सत्यापन बीएलओ द्वारा ही किया जाएगा।
पुराने रिकॉर्ड की भी मांगी गई जानकारी
चुनाव विभाग ने मतदाताओं से साल 2002-03 में हुए पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मैपिंग विवरण देने का भी आग्रह किया है। यदि किसी के पास यह जानकारी नहीं है, तो वे अपने माता-पिता या दादा-दादी/नाना-नानी का विवरण दे सकते हैं। पुराने रिकॉर्ड चुनाव विभाग की वेबसाइट और ऐप पर आसानी से खोजे जा सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि यह जानकारी नहीं भी मिलती है, तो भी फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे और ऐसे मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में बना रहेगा।
नए मतदाता भर सकेंगे फॉर्म-6
ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम मौजूदा मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 भर सकते हैं। चुनाव विभाग ने राजनीतिक दलों और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपात्र, स्थानांतरित या मृत मतदाताओं के नाम कटवाने में मदद करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगी।