चंडीगढ़। पंजाब पुलिस के एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस रवि कुमार से लेट्स इंस्पायर बिहार (एलआईबी) चंडीगढ़ चैप्टर के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस बैठक में राष्ट्र निर्माण, युवा सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जनभागीदारी जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विजन और मिशन की दी जानकारी
बैठक में एलआईबी चंडीगढ़ चैप्टर के समन्वयक डॉ. संतोष चौरसिया, बीएसएफ वेस्टर्न कमांड के इंस्पेक्टर विष्णु राज, उद्यमी नीतीश कुमार सिंह और अमित कुमार शामिल हुए। डॉ. चौरसिया ने एआईजी को एलआईबी के विजन से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अनुभवी और सफल लोगों को युवाओं से जोड़ना है, ताकि समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने चंडीगढ़ चैप्टर की ओर से चलाए जा रहे फैमिली इंटरेक्शन प्रोग्राम और मेंटरशिप जैसी पहलों की भी जानकारी दी।
आईजी विकास वैभव ने किया संवाद
इस मौके पर एलआईबी के संस्थापक और मगध रेंज के आईजी विकास वैभव भी फोन के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करने और सामाजिक चेतना जगाने की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों को बेहद महत्वपूर्ण बताया। बातचीत के दौरान एआईजी रवि कुमार ने शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक समरसता के लिए एलआईबी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने और राष्ट्र निर्माण में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी समय की मांग है। अंत में टीम ने एआईजी रवि कुमार का आभार जताते हुए भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की उम्मीद जताई।