चंडीगढ़। चंडीगढ़ के बेस रिपेयर डिपो में 12 व 13 जून को आयोजित प्रिंसिपल मेंटेनेंस ऑफिसर्स कमेटी (पीएमओसी) 2/2026 की बैठक के दौरान भारतीय वायु सेना की देखरेख में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में थल सेना, नौसेना और वायु सेना ने मिलकर स्वदेशी तकनीक और इनोवेशन का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसका मुख्य उद्देश्य तीनों सेनाओं की मरम्मत, रखरखाव और ऑपरेशनल क्षमताओं को स्वदेशी समाधानों के जरिए और अधिक मजबूत करना है।
इन अत्याधुनिक उपकरणों का हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शनी के दौरान कई अत्याधुनिक और स्वदेशी उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से लो पावर जीपीएस जैमर (डिवार 2.0), एमएएफआई वर्टेक्स हैंड-हेल्ड पर्सनल कंप्यूटर (एचएचपीसी) के लिए टेस्ट और रिपेयर सुविधा शामिल रहे। इसके अलावा एलएलएलडब्ल्यूआर की फ्रंट फाइनल असेंबली, एएलएच एमके-III हेलीकॉप्टर के लिए स्वदेशी केवलर स्क्रीन, एमआई-17 वी5 के लिए गार्ड, 3वाई सीरीज की फ्री लेंथ होज और एमआई-17 सीरीज के हेलीकॉप्टरों के लिए वायर रोप एंटीना जैसे रक्षा उपकरणों ने विशेष रूप से ध्यान खींचा।
तीनों सेनाओं में बढ़ेगा आपसी तालमेल
इस कार्यक्रम ने इनोवेशन और तकनीकी प्रगति के प्रति तीनों सेनाओं की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाया है। सेनाओं का यह प्रयास पूरी तरह से 'आत्मनिर्भर भारत' के विजन के अनुरूप है। इस प्रदर्शनी से न केवल रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा मिला, बल्कि तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, सहयोग और तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान के नए रास्ते भी खुले हैं।