चंडीगढ़, चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने मंगलवार को प्रणाम इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित पांच दिवसीय 'जॉब शैडोइंग प्रोग्राम' के सफल समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों और युवाओं को कार्यक्रम में उनके समर्पण, उत्साह और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
मेयर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिम्मेदार और जागरूक नागरिक तैयार करने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सामाजिक बदलाव की धुरी बताया और उनसे राष्ट्र निर्माण व सामुदायिक विकास में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया।
नागरिक जागरूकता और अधिकारों पर हुई चर्चा
प्रणाम इंडिया फाउंडेशन की संस्थापक शालू गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं में नागरिक जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना था। इन पांच दिनों के दौरान प्रतिभागियों को पॉक्सो एक्ट, पॉश एक्ट, 'गुड टच और बैड टच' के साथ-साथ डिजिटल अपराधों जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति संवेदनशील बनाया गया।
व्यावहारिक अनुभव पर रहा विशेष फोकस
इस कार्यक्रम में युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव देने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में रोड-शो, एक समाचार पत्र की प्रिंटिंग प्रेस का भ्रमण और गौशाला में सामुदायिक सेवा जैसे कार्य करवाए गए, जिससे प्रतिभागियों को सामाजिक मुद्दों की जमीनी हकीकत का पता चला।
शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों और रिहायशी सोसायटियों के युवाओं ने इसमें पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और समाज सुधार में अपनी भूमिका निभाने की शपथ ली। मेयर जोशी ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एक स्वच्छ, सुरक्षित और सशक्त समाज बनाने में हर नागरिक की अहम भूमिका होती है।