चंडीगढ़ । चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई 'नो व्हीकल वेडनेसडे' पहल लगातार जारी है। बुधवार को ट्राई सिटी में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजी वाहनों का त्याग कर सार्वजनिक परिवहन, साइकिल, पैदल और ई-वाहनों के जरिये अपने कार्यालय पहुंच कर एक मिसाल पेश की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदूषण कम करना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
प्रधानमंत्री की अपील पर शुरू हुआ था अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन खपत कम करने की अपील के बाद, पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के निर्देशों पर इस अभियान की शुरुआत की गई थी। इसके तहत हर बुधवार को अधिकारियों और कर्मचारियों से चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल न करने का आह्वान किया गया था। इस पहल का असर अब स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। अधिकारी ई-बस, गोल्फ कार्ट और साइकिल जैसे पर्यावरण के अनुकूल साधनों का उपयोग कर रहे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि इस कदम से ट्राई सिटी के आम नागरिक भी प्रेरित होंगे।
सार्वजनिक परिवहन के उपयोग पर जोर
इस विशेष दिन के लिए चंडीगढ़ परिवहन उपक्रम की बसों का भी विशेष प्रबंध किया जाता है, ताकि कर्मचारियों को दफ्तर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों का कहना है कि यदि लोग सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों के बजाय कारपूलिंग या साइकिल का उपयोग करें, तो शहर में यातायात जाम की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी। प्रशासन ने ट्राई सिटी के सभी नागरिकों से भी इस पर्यावरण हितैषी अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।