चंडीगढ़ : शहर में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित किया जाएगा, जहां लगभग 3500 लोग एक साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और समग्र कल्याण का संदेश देंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम 'स्वास्थ्य, प्रज्ञा और विश्व शांति के लिए योग' (योग फॉर वेलनेस, विजडम एंड वर्ल्ड पीस) तय की गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ के उपायुक्त (डीसी) निशांत कुमार यादव ने आयोजन स्थल का दौरा किया और विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रतिभागियों के लिए 25 विशेष बसें और पुख्ता सुरक्षा
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए ताकि यह गरिमापूर्ण कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि योगाभ्यास के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके मद्देनजर शहर के अलग-अलग पिक-अप प्वाइंट्स से प्रतिभागियों को तिरंगा पार्क तक लाने और ले जाने के लिए 25 बसों की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आयोजन स्थल पर स्वच्छ पेयजल और मोबाइल शौचालयों का भी पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया है। आयोजन सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहे, इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस को सुरक्षा, सुचारू यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
16 लोगों का होगा सम्मान, पीएम का सीधा प्रसारण
इस राज्य स्तरीय भव्य आयोजन में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस खास मौके पर शहर में योग के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 16 विभूतियों को प्रशासक द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण पर भी विशेष जोर दिया गया। डीसी ने अधिकारियों को तकनीकी दृष्टि से सभी आवश्यक प्रबंध पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन में मौजूद सभी लोग बिना किसी तकनीकी रुकावट के प्रधानमंत्री का संदेश सुन सकें।