चंडीगढ़, मालोया थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 14.08 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पंजाब के मानसा जिले के गांव नंगल कलां निवासी 30 वर्षीय हरजीत सिंह सिंधु और 30 वर्षीय कृष्ण सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 19 जून की रात करीब 9.25 बजे सेक्टर-39 वेस्ट स्थित वाटर वर्क्स कॉलोनी के पास गश्त के दौरान दोनों संदिग्धों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 14.08 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। हरजीत सिंह से 6.03 ग्राम तथा कृष्ण सिंह से 6.98 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद मालोया थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि अदालत से हरजीत सिंह का तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, जबकि कृष्ण सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के खिलाफ किसी पूर्व आपराधिक मामले का रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नशे की खेप के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।