चंडीगढ़, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल पारिस्थितिकी तंत्र में स्वास्थ्य, दीर्घायु और बेहतर तालमेल को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर चंडीगढ़ केंद्र के साथ इसके अधीन विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खेल प्रशिक्षण केंद्रों (एसटीसी) तथा राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई) में भी योग सत्र आयोजित किए गए।
इस वर्ष कार्यक्रम का विषय ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रहा। योग सत्र के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि योग मांसपेशियों में लचीलापन बढ़ाने, चोटों से बचाव करने और मानसिक एकाग्रता मजबूत करने में सहायक है। खिलाड़ियों को नियमित जीवनचर्या में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
SAI क्षेत्रीय केंद्र प्रबंधन ने कहा कि खेल और योग का समन्वय खिलाड़ियों के समग्र विकास तथा दीर्घकालिक प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले खिलाड़ियों, कोचों और कर्मचारियों की सराहना की।