चंडीगढ़, सेक्टर-49 थाना पुलिस ने सेक्टर-51 से साइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर चोरी की गई साइकिल बरामद कर ली। आरोपी को घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-51ए निवासी भुभारती ने शिकायत दी कि वह सेक्टर-37 स्थित एक निजी स्कूल में कार्यरत हैं। गुरुवार को वह निजी कार्य से सेक्टर-51 मार्केट गई थीं। इस दौरान उनकी सफेद रंग की बी-ट्विन कंपनी की साइकिल, जो सोसायटी परिसर में खड़ी थी, एक अज्ञात युवक बिना अनुमति के ले गया।
महिला और आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसकी पहचान मलोया स्थित ईडब्ल्यूएस फ्लैट निवासी पवन (21) के रूप में हुई।
साइकिल जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सफेद रंग की बी-ट्विन साइकिल बरामद कर ली। इस संबंध में थाना सेक्टर-49 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 12वीं तक पढ़ा है और कचरा संग्रहण का काम करता है। मामले की आगे जांच जारी है।