चंडीगढ़, त्वचा पर सफेद दाग (विटिलिगो) को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को खत्म करने का संदेश देते हुए पीजीआईएमईआर में गुरुवार को विश्व विटिलिगो दिवस-2026 की शुरुआत हुई। "फ्रॉम स्टिग्मा टू स्ट्रेंथ" थीम पर आयोजित कार्यक्रम में भारत और विदेशों से आए करीब 300 विटिलिगो मरीज, उनके परिजन, चिकित्सक और विशेषज्ञ शामिल हुए। पूरे आयोजन का केंद्रबिंदु यह संदेश रहा कि विटिलिगो संक्रामक नहीं है और इससे प्रभावित लोगों को समाज में समान सम्मान व अवसर मिलने चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता एवं समावेशन वॉकाथन से हुई। प्रतिभागियों ने लोगों को विटिलिगो के प्रति जागरूक करने और इससे जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करने का संदेश दिया।
पीजीआई के त्वचा रोग विभाग के प्रोफेसर एवं आयोजन अध्यक्ष प्रो. दविंदर परसाद ने कहा कि विटिलिगो के उपचार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, लेकिन मरीजों के सामाजिक और मानसिक संघर्षों को दूर करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्व विटिलिगो दिवस का उद्देश्य केवल चिकित्सा संबंधी उपलब्धियों पर चर्चा करना नहीं, बल्कि मरीजों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सशक्त बनाना भी है।
विशेषज्ञों ने साझा किए उपचार और सामाजिक सहयोग के अनुभव
वैज्ञानिक एवं रोगी सशक्तिकरण सत्रों में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने भाग लिया। डॉ. माया तुलपुले ने सपोर्ट ग्रुप की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि दक्षिण अफ्रीका के डॉ. नौफल राबूबी और विटिलिगो रिसर्च फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. यान वाले ने वैश्विक स्तर पर रोगियों के अधिकार, जागरूकता और सामाजिक स्वीकार्यता पर अपने विचार रखे। मरीजों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि विटिलिगो उनकी क्षमता और सपनों में बाधा नहीं बन सकता।
विशेषज्ञों ने आधुनिक उपचार, सर्जरी और चेहरे पर होने वाले विटिलिगो के प्रबंधन पर भी जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. जंग मिन बे ने सर्जिकल उपचार की नवीन तकनीकों और व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया आत्मविश्वास
दोपहर बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 'चंदा मामा' हिंदी लघु फिल्म का प्रदर्शन, पीजीआई प्रतिभागियों की नाट्य प्रस्तुति, मरीजों की रील प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम और 'स्पॉट्स ऑफ स्टाइल: विटिलिगो ऑन द रैम्प' शीर्षक से विशेष फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहे। इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि विटिलिगो किसी व्यक्ति की पहचान नहीं, बल्कि उसके जीवन का केवल एक पहलू है।
अमेरिका के वरिष्ठ पत्रकार और विटिलिगो जागरूकता अभियान से जुड़े ली थॉमस व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से मरीजों को अपनी विशिष्टता पर गर्व करने और सामाजिक कलंक को चुनौती देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के पहले दिन का समापन भावनात्मक संवाद और व्यापक भागीदारी के साथ हुआ। अब पीजीआई में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय विटिलिगो सर्जरी कार्यशाला तथा इसके बाद चंडीगढ़ के होटल हयात रीजेंसी में वैज्ञानिक सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें भारत और विदेशों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।