चंडीगढ़, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी अभियान 'छात्रों की गूंज' के तहत शुक्रवार को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सेक्टर-15 में कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं को लेकर केंद्र सरकार को घेरा और युवाओं के गिरते भरोसे को लेकर चिंता जताई।
मेयर सौरभ जोशी के वार्ड में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा में छात्रों को दिए गए भाषण का बड़ी स्क्रीन पर प्रसारण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, स्थानीय निवासियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष जतिन सिंह, रवि शाह और अश्विनी कौशल ने किया।
युवाओं का सरकार से उठ चुका है विश्वास : लक्की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार युवाओं का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बढ़ती बेरोजगारी ने लाखों छात्रों के सपनों को तोड़ दिया है। वर्षों की मेहनत के बाद भी युवाओं को न तो निष्पक्ष परीक्षाओं की गारंटी मिल रही है और न ही रोजगार की, जिससे युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
लक्की ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के हालिया चंडीगढ़ दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस और छात्रों ने काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री देशभर में हुए पेपर लीक पर खामोश हैं, जो उनकी संवेदनहीनता का प्रमाण है। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से मांग की कि वे शिक्षा मंत्री को तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें।
कठिन परिश्रम के बाद भी रोजगार की गारंटी नहीं
पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष जतिन सिंह ने कहा कि आज चंडीगढ़ सहित पूरे देश के छात्रों में गहरी निराशा का माहौल है। उच्च शिक्षा और कठिन परिश्रम के बावजूद रोजगार की कोई गारंटी न होने से छात्र हताश हैं। पेपर लीक जैसी घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली पर से उनका भरोसा उठा दिया है।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों व नागरिकों ने मांग की कि भर्ती परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि छात्रों के अधिकारों और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के लिए पार्टी का यह जनजागरण अभियान आगे भी जारी रहेगा।