चंडीगढ़, चंडीगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर चोरी की सात एक्टिवा बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों में सेक्टर-34, सेक्टर-27, सेक्टर-46, आईटी पार्क, बुरैल और मलोया क्षेत्र से चोरी की गई एक्टिवा शामिल हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, धनास कॉलोनी निवासी 43 वर्षीय लवकुश उर्फ बबलू को सेक्टर-34 थाने में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 1332 (23 अक्टूबर 2025) की जांच के दौरान 26 जून को गिरफ्तार किया गया। यह मामला बुरैल निवासी सुनील कुमार की एक्टिवा (सीएच01सीआर1388) चोरी से जुड़ा था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 21 अक्टूबर 2025 को उसने अपने घर के बाहर एक्टिवा खड़ी की थी, जो बाद में गायब मिली।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चंडीगढ़ के विभिन्न इलाकों से छह और एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने 27 जून को अदालत से दो दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर छह अन्य चोरी की एक्टिवा भी बरामद कर ली गईं।
बरामद वाहनों में सेक्टर-34 थाने में दर्ज तीन मामलों की एक्टिवा (एचआर03आर4411, सीएच01बीडी4037 और सीएच01सीए8135), आईटी पार्क थाने में दर्ज मामले की एक्टिवा (सीएच01एआर1948), सेक्टर-27 से चोरी हुई एक्टिवा (सीएच01एएल5452) और मलोया कॉलोनी से चोरी हुई एक्टिवा (सीएच01बीएल2395) शामिल हैं।
अलग-अलग मामलों से जुड़े वाहन मिले
पुलिस के अनुसार, आरोपी से बरामद सातों एक्टिवा अलग-अलग समय पर चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुई थीं। इनमें अक्टूबर 2025 से जून 2026 के बीच दर्ज कई ई-एफआईआर के वाहन शामिल हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने वारदातें अकेले अंजाम दीं या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।