चंडीगढ़, भारतीय सेना की चेतक कोर ने बुधवार को बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में अपना 48वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कोर के गठन की वर्षगांठ पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सभी रैंक के जवानों को राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया। चेतक कोर का गठन 1 जुलाई 1979 को लेफ्टिनेंट जनरल एम.एल. तुली की कमान में हुआ था। स्थापना दिवस के अवसर पर कोर के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल विशाल पठानिया ने सभी रैंक के जवानों के साथ 'योद्धा यादगार' वॉर मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने विभिन्न सैन्य अभियानों और युद्धों में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
'फाइट फॉरवर्ड, फाइट एग्रेसिव' (आगे बढ़कर लड़ो, आक्रामक होकर लड़ो) के आदर्श वाक्य के साथ चेतक कोर ने स्थापना के बाद से लगातार अपनी युद्धक क्षमता और पेशेवर दक्षता को मजबूत किया है। यह कोर आज एक अत्यधिक प्रशिक्षित, युद्ध के लिए तैयार और संचालन के लिहाज से सक्षम सैन्य गठन के रूप में स्थापित है।
मेजर जनरल विशाल पठानिया ने सभी अधिकारियों और जवानों से पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं और मूल्यों को कायम रखने का आह्वान किया।