चंडीगढ़, सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और समारोह के सफल, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को 30 जुलाई तक परेड कमांडर नियुक्त करने तथा परेड टुकड़ियों, रिहर्सल, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा कार्यालय को 25 जुलाई तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप देकर प्रतिभागियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।
व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय
नगर निगम को समारोह स्थल पर बैरिकेडिंग, स्वच्छता और उद्यानिकी संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सा अधिकारी और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, डीजी सेट के जरिए पावर बैकअप और सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इंजीनियरिंग विभाग को ध्वजदंड, मंच और गंगवे के नवीनीकरण का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जनसंपर्क विभाग (डीपीआर) को उद्घोषक, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और समारोह की डिजिटल कवरेज की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। चंडीगढ़ परिवहन उपक्रम (सीटीयू) को विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त कार्यालय को प्रोटोकॉल के अनुसार वीआईपी बैठक व्यवस्था, निमंत्रण पत्र, स्मृति चिन्ह और जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को समारोह में शामिल होने वाले पूर्व सैनिकों के परिजनों के सम्मान और सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने सभी विभागों से समयबद्ध और प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि बेहतर समन्वय से स्वतंत्रता दिवस-2026 का समारोह भव्य और गरिमापूर्ण बनाया जाए।