चंडीगढ़, नगर निगम चंडीगढ़ अगले सप्ताह वन महोत्सव-2026 के तहत डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड पर मेगा पौधरोपण अभियान चलाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के करीब 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसे लेकर शुक्रवार को नगर निगम और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की।
एमसी कमिश्नर अमित कुमार ने मुख्य वन संरक्षक सौरभ कुमार, विशेष आयुक्त प्रदीप कुमार, संयुक्त आयुक्त बलबीर राज सिंह, मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा तथा अन्य अधिकारियों के साथ पौधरोपण स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पौधरोपण क्षेत्र, पौधों की उपलब्धता, स्थल की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया।
पौधों के रखरखाव पर भी रहेगा विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने और अभियान से जुड़े विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पौधरोपण अभियान डड्डूमाजरा क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
अधिकारियों ने पौधों की प्रजातियों के चयन और उनके रखरखाव की व्यवस्था पर भी चर्चा की, ताकि रोपण के बाद पौधों का बेहतर संरक्षण और विकास सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम और वन विभाग संयुक्त रूप से इस अभियान की तैयारियों में जुटे हैं। अभियान में विभिन्न सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, पर्यावरण संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी रहने की उम्मीद है।