चंडीगढ़, नगर निगम द्वारा गठित समिति ने सोमवार को शहर के विभिन्न निर्धारित वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और जमीनी समस्याओं का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान वेंडरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। समिति अपनी रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त आयुक्त डॉ. हिमांशु गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस निरीक्षण प्रक्रिया में नगर निगम के शहरी नियोजन विभाग, चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस, इंजीनियरिंग शाखा (बी एंड आर), प्रवर्तन शाखा, वेंडर सेल तथा टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य मुकेश गिरी, रविंदर सिंह, पवन कुमार और चंचल रानी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान वेंडिंग जोन में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, स्थान की उपलब्धता, यातायात व्यवस्था, पैदल आवाजाही, पहुंच, सार्वजनिक सुविधा और सुरक्षा जैसे पहलुओं की समीक्षा की गई। समिति ने पार्किंग व्यवस्था, प्रवर्तन संबंधी मुद्दों और वेंडिंग जोन के बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक उपायों पर भी विचार किया।
रिपोर्ट के आधार पर होगा फैसला
समिति ने विभिन्न स्थलों पर वेंडरों से बातचीत कर उनकी व्यावहारिक समस्याओं और सुझावों को भी दर्ज किया। नगर निगम के अनुसार निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक निर्णय लेकर वेंडिंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाया जा सके। निगम ने कहा कि उसका उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स की आजीविका की सुरक्षा के साथ शहर में व्यवस्थित, सुगम और नागरिक-अनुकूल सार्वजनिक स्थान सुनिश्चित करना है।