चंडीगढ़। आध्यात्मिक गुरु, लेखक और समाज सुधारक श्री एम की चर्चित आत्मकथा के पंजाबी अनुवाद "हिमाले वासी संत दे चरणा विच : इक योगी दी स्वैजीवनी" का लोकार्पण सीआईआई के उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय में किया गया। इस पुस्तक का पंजाबी अनुवाद शालिनी रावत ने किया है। मूल अंग्रेजी पुस्तक "एपरेंटिस टू ए हिमालयन मास्टर: ए योगी आटोबायोग्राफी" में श्री एम ने अपने आध्यात्मिक जीवन की प्रेरक यात्रा का वर्णन किया है। इसमें केरल के तिरुवनंतपुरम से शुरू हुई उनकी आध्यात्मिक खोज और हिमालय में अपने गुरु महेश्वरनाथ बाबाजी के सानिध्य में बिताए वर्षों के अनुभवों का विस्तृत उल्लेख है।
अब इस पुस्तक के पंजाबी में उपलब्ध होने से पंजाब और दुनिया भर के पंजाबी पाठकों को श्री एम के जीवन, आध्यात्मिक अनुभवों और उनके विचारों को अपनी मातृभाषा में पढ़ने और समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान श्री एम ने "बिल्डिंग सक्सेस व्हाइल नर्चरिंग इनर सेल्फ" विषय पर विशेष व्याख्यान भी दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता तभी सार्थक होती है, जब उसके साथ आत्मिक संतुलन, मानसिक शांति और मानवीय संवेदनाओं का भी विकास हो। उन्होंने युवाओं और पेशेवरों से बाहरी उपलब्धियों के साथ-साथ अपने भीतर के व्यक्तित्व को भी संवारने का आह्वान किया।
इससे पहले दिन में श्री एम ने सेक्टर-19 स्थित वाटिका स्कूल के मूक-बधिर बच्चों से भी मुलाकात की। ये बच्चे हाल ही में आईआईटी रोपड़ द्वारा आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। श्री एम ने बच्चों को सम्मानित करते हुए उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और सीखने की लगन की सराहना की तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।