चंडीगढ़, देशव्यापी 'मिशन हेल्दी भारत–ओबेसिटी मुक्त भारत' अभियान को बुधवार को चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी का समर्थन मिला। मिशन हेल्दी भारत की संस्थापक तापसी उपाध्याय ने नगर निगम कार्यालय में मेयर से मुलाकात कर अभियान की प्रगति और उद्देश्यों की जानकारी दी। तापसी उपाध्याय ने बताया कि पिछले 16 महीनों से चल रहा यह गैर-व्यावसायिक राष्ट्रीय जनजागरूकता अभियान मोटापे की रोकथाम, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक कर रहा है। अभियान का लक्ष्य 26 राज्यों तक पहुंचना है और अब तक एक लाख से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों तथा सामाजिक संगठनों को इससे जोड़ा जा चुका है।
मोटापे से बचाव के लिए जनभागीदारी जरूरी
मेयर सौरभ जोशी ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मोटापा देश के सामने तेजी से उभरती स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। इससे निपटने के लिए जनजागरूकता, नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित पोषण और सामुदायिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चंडीगढ़ स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनहित अभियानों को लगातार बढ़ावा दे रहा है तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाली हर पहल को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
तापसी उपाध्याय ने मेयर का आभार जताते हुए कहा कि अभियान आगे भी देशभर में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता रहेगा।