चंडीगढ़, चंडीगढ़ पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और चोरी का सामान रखने के मामले दर्ज हैं। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सेक्टर-39 थाना की पुलिस पोस्ट पलसोरा की टीम ने 18 जून 2026 को दर्ज ई-एफआईआर संख्या 785 की जांच के दौरान यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार सेक्टर-40बी निवासी अमित कुमार ने शिकायत दी थी कि उनकी मोटरसाइकिल (सीएच-01-बीएक्स-3467) घर के बाहर पार्किंग से चोरी हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
सीसीटीवी और गुप्त सूचना से मिला सुराग
जांच के दौरान 8 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहाली के गुरु नानक कॉलोनी, बड़ माजरा निवासी 30 वर्षीय सोनू सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से शिकायतकर्ता की चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इनमें एक मोटरसाइकिल सेक्टर-34 थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले से संबंधित है, जबकि अन्य दो मोटरसाइकिलों के नंबर पीबी-65एस-1579 और यूके-16बी-0280 हैं। पुलिस ने इन वाहनों को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कब्जे में लिया है।
सबहेड: आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार सोनू सिंह पांचवीं तक पढ़ा है और उसके खिलाफ पहले भी वाहन चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में थाना सेक्टर-36 और वर्ष 2017 में थाना सेक्टर-31 में उसके खिलाफ चोरी और चोरी का सामान रखने के आरोप में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
यह कार्रवाई महिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवरदीप कौर, महिला पुलिस अधीक्षक (सिटी) के.एम. प्रियंका, एसडीपीओ साउथ/वेस्ट धीरज कुमार और सेक्टर-39 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में पुलिस पोस्ट पलसोरा की टीम ने की। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।