न्यू चंडीगढ़, होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (HBCHRC), न्यू चंडीगढ़ ने पंजाब में पहली बार छह महीने से भी कम समय में 100 रोबोटिक कैंसर सर्जरियां सफलतापूर्वक पूरी कर नई उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह रही कि सभी मरीजों का उपचार बिना किसी अतिरिक्त लागत के किया गया। यह अस्पताल भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अधीन टाटा मेमोरियल सेंटर की इकाई है।
अस्पताल के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी सुविधा की घोषणा पिछले वर्ष अगस्त में आयोजित होमी भाभा कैंसर कॉन्क्लेव के दौरान की गई थी। शुरुआत में 80 मरीजों को मुफ्त रोबोटिक सर्जरी देने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अस्पताल ने छह महीने से भी कम समय में 100 सफल सर्जरियां पूरी कर यह लक्ष्य भी पीछे छोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में रोबोटिक कैंसर सर्जरी की सुविधा अभी सीमित अस्पतालों में उपलब्ध है। न्यू चंडीगढ़ स्थित केंद्र में आधुनिक तकनीक के जरिए मरीजों को निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम लागत पर उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
रोबोट सर्जन का विकल्प नहीं, सटीकता बढ़ाने का माध्यम
ऑन्कोसर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि रोबोटिक सर्जरी में पूरा नियंत्रण सर्जन के हाथ में ही रहता है। ऑपरेशन के दौरान सभी महत्वपूर्ण निर्णय सर्जन ही लेते हैं, जबकि रोबोट केवल अधिक सटीकता और बेहतर नियंत्रण के साथ सर्जरी करने में सहायता करता है।
ऑन्कोसर्जन डॉ. अरविंद गुरु ने बताया कि रोबोटिक तकनीक से शरीर के कठिन हिस्सों तक भी आसानी से पहुंचा जा सकता है। छोटे चीरे लगने के कारण रक्तस्राव और दर्द कम होता है तथा मरीज तेजी से स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट पाते हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में 80 वर्षीय मरीज की भी सफल रोबोटिक सर्जरी की गई, जिसे आईसीयू में कम समय रहना पड़ा और वह शीघ्र स्वस्थ हो गया।
660 करोड़ की लागत से बना है अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल
अस्पताल को अगस्त 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया था। करीब 660 करोड़ रुपये की लागत से बने 300 बिस्तरों वाले इस अस्पताल का संचालन टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई करता है। यहां सर्जरी, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट सहित कैंसर उपचार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। न्यू चंडीगढ़ स्थित अस्पताल हब के रूप में कार्य करता है, जबकि संगरूर का 150 बिस्तरों वाला अस्पताल इसकी स्पोक इकाई के रूप में सेवाएं दे रहा है।