चंडीगढ़, प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) ग्रुप मुख्यालय, पश्चिमी कमान के तत्वावधान में कार्यरत 133 इको टास्क फोर्स ने शुक्रवार को डड्डू माजरा डंपिंग ग्राउंड में आयोजित मेगा वन महोत्सव वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। यूटी प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस अभियान का शुभारंभ पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया। अभियान 'नो योर टीए' पहल और राष्ट्र निर्माण में भारतीय सेना के पर्यावरण संरक्षण संबंधी योगदान को समर्पित रहा।
अभियान के दौरान 133 इको टास्क फोर्स के जवानों ने डड्डू माजरा सहित चार स्थानों, जिनमें चंडीमंदिर मिलिट्री स्टेशन भी शामिल है, पर करीब 4,000 पौधे लगाए। कार्यक्रम में यूटी प्रशासन के विभिन्न विभागों तथा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण में सेना की भूमिका सराही
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने 133 इको टास्क फोर्स के वनीकरण और पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रादेशिक सेना केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनके बेहतर विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव प्रकृति के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
यूटी वन विभाग और 133 इको टास्क फोर्स ने मानसून के दौरान लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण के लिए कार्ययोजना भी तैयार की है, ताकि उनकी अधिकतम जीवित रहने की दर सुनिश्चित की जा सके।