चंडीगढ़, चंडीगढ़ टेंट डीलर्स सोसायटी के सदस्यों ने पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं पार्षद जसबीर सिंह बंटी को लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से सोसायटी का प्रधान निर्वाचित किया। उनका कार्यकाल आगामी तीन वर्षों का होगा। यह निर्णय शनिवार को सेक्टर-43 स्थित होटल गौर में आयोजित सोसायटी की जनरल हाउस बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी अमनदीप सिंह ने की। शुरुआत में वर्तमान कार्यकारिणी को भंग किया गया और चुनाव प्रक्रिया के लिए अनिल वोहरा को सर्वसम्मति से चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। चुनाव अधिकारी ने प्रधान पद के लिए अन्य दावेदारों के बारे में पूछा, लेकिन किसी सदस्य ने नामांकन नहीं किया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने हाथ उठाकर जसबीर सिंह बंटी के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी। प्रस्ताव का समर्थन करम सिंह (दशमेश टेंट हाउस) और राजू धालीवाल (राजू टेंट हाउस) ने किया।
संगठन को और मजबूत बनाने का भरोसा
लगातार तीसरी बार प्रधान चुने जाने पर जसबीर सिंह बंटी ने सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने, टेंट व्यवसाय से जुड़े सदस्यों के हितों की रक्षा करने तथा उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
बैठक में आगामी वर्ष की गतिविधियों और कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। सोसायटी की आय-व्यय का ब्यौरा और ऑडिट रिपोर्ट सदन के समक्ष पेश की गई, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके अलावा सदस्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संगठन की भावी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।