चंडीगढ़, आम लोगों और दुकानदारों की शिकायतों के बाद नगर निगम चंडीगढ़ ने शनिवार को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 और फेज-2 में विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान निगम की भूमि पर अवैध रूप से रखा गया सामान हटाया गया और अतिक्रमण करने वालों के 92 चालान किए गए।
नगर निगम की प्रवर्तन (एनफोर्समेंट) टीमों ने अभियान के दौरान प्लास्टिक की कुर्सियां, टेबल, गद्दे, लकड़ी की मेजें, लोहे की टेबल और आयरन काउंटर सहित बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया। यह सामान सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से रखा गया था।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
नगर निगम के अनुसार यह अभियान लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर चलाया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और प्रवर्तन कर्मचारियों के सहयोग से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। साथ ही नागरिकों और दुकानदारों से अपील की गई है कि वे निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या सामान न रखें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।